नई दिल्ली. उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सर्दी अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है, और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से मौसम ठंडा हो गया है। दो दिन पहले तक गर्मी महसूस हो रही थी, लेकिन अचानक तापमान में गिरावट आ गई। जहां दो दिन पहले तापमान 4 डिग्री तक बढ़ा हुआ था, वहीं मंगलवार को इसमें 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 5 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। बुधवार को तेज हवाएं चलने की संभावना है, और 6 मार्च के बाद तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
राजस्थान में दिन में तेज धूप रहती है, लेकिन रात में ठंडी हवाओं के कारण तापमान गिर रहा है। 6 मार्च तक ठंडी हवाओं का असर रहेगा, लेकिन 7 मार्च के बाद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। बारामूला, गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और कुपवाड़ा में अच्छी बर्फबारी हुई है। श्रीनगर सहित कई इलाकों में बीते 24 घंटों में बारिश भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, 10 मार्च तक मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है।
यूपी में अब ठंड और कोहरा लगभग खत्म हो चुका है। दिन में तेज धूप से गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन शाम को ठंडी हवाएं मौसम को सुहाना बना रही हैं। 5 मार्च को 20-30 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में अब ठंड पूरी तरह खत्म हो चुकी है और कई जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। 8-9 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी का असर जारी रहेगा।
झारखंड में अगले दो दिनों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। हालांकि, आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। दिन में धूप तेज रहेगी, लेकिन लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।