सर्बिया: संसद में हंगामा, विपक्षी सांसदों ने फेंके आंसू गैस और स्मोक बम

By: PalPal India News
March 5, 2025

नई दिल्ली. सर्बियाई संसद में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए आंसू गैस और स्मोक ग्रेनेड छोड़ दिए। पूरे संसद भवन में धुएं के गुबार फैल गए, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। यह हंगामा उस समय शुरू हुआ जब चार महीने पहले एक रेलवे स्टेशन की छत गिरने से 15 लोगों की मौत के मामले में सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया गया। इसके विरोध में विपक्षी दल के नेता और छात्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

संसद में जब सत्तारूढ़ सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी (SNS) ने एक नया एजेंडा मंजूर किया, तो कुछ विपक्षी नेता अपनी सीट छोड़कर स्पीकर की ओर दौड़े और सुरक्षा गार्डों से भिड़ गए। इस दौरान कुछ सांसदों ने स्मोक ग्रेनेड और आंसू गैस फेंक दी, जिससे पूरा सदन धुएं से भर गया। घटना का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें देखा गया कि संसद के अंदर काले और गुलाबी रंग का धुआं फैल गया। इस हंगामे के दौरान SNS पार्टी की सांसद जैस्मिना ओब्राडोविच को दौरा पड़ा, और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

संसद अध्यक्ष आना ब्रनाबिच ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- “संसद काम करती रहेगी और सर्बिया की रक्षा करेगी!”

यह विरोध केवल संसद तक ही सीमित नहीं है। सर्बिया में दिसंबर से हजारों छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और विश्वविद्यालयों के लिए अधिक फंडिंग की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को सरकार ने छात्रों की मांगों को देखते हुए विश्वविद्यालयों के लिए अधिक धन आवंटित करने का फैसला किया था। लेकिन जब सत्ताधारी दल ने कुछ अन्य विवादास्पद प्रस्ताव पेश किए, तो विपक्ष भड़क उठा और संसद में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *