पलपल इंडिया प्रतिनिधि,इंदौर । इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक युवक की गला घोंटकर उसके दोस्त नेहत्या कर दी। यह घटना रात में शराब पार्टी के दौरान हुई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सचिन चौपड़ा के रूप में हुई है, जो कपड़े के थान बेचता था।
दरअसल एरोड्रम थाना क्षेत्र में रात में युवक के साथ आए दोस्त ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक कालानी नगर निवासी सचिन चौपड़ा की मौत हुई है। वह कपड़े के थान बेचता था। फिलहाल सचिन के दोस्त की पहचान नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। सचिन की पत्नी मालवा मिल स्थित मायके गई थी। वह उससे मिलने के बाद दोस्त के साथ घर आया था। स्वजन ने बताया कि संदिग्ध दोस्त दो दिन से उसके साथ घूम रहा था। मंगलवार रात में सचिन और दोस्त ने घर में शराबखोरी की। इसके बाद दोनों में विवाद हुआ और दोस्त हत्या फरार हो गया। सुबह सचिन ने दरवाजा नहीं खोला तो आसपास के लोगों ने खिड़की से झांककर देखा। वह बिस्तर पर पड़ा था।
पुलिस पहले इसे सामान्य मौत मान रही थी, लेकिन शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का पता चला। रिपोर्ट के अनुसार उसकी गर्दन पर नाखून के निशान हैं। गला घोंटा गया है। कमरे में सामान भी बिखरा था। कमरे में शराब की खाली बोतल भी मिली है।