रतलाम: निजी अस्पताल में मरीज बनाया बंधक, कोमा का झांसा देकर पत्नी से ऐंठे 1 लाख

By: PalPal India News
March 7, 2025

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक निजी अस्पताल की सनसनीखेज धोखाधड़ी सामने आई है, जहां इलाज के नाम पर मरीज को कथित रूप से बंधक बनाकर उसकी पत्नी से 1 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित बंटी निनामा, जो दीनदयाल नगर का निवासी है, एक झगड़े में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ था। अस्पताल प्रशासन ने उसकी पत्नी को बताया कि बंटी की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है और वह कोमा में चला गया है।

परिजनों को दवाइयां और इंजेक्शन खरीदने के लिए मजबूर किया गया, फिर इलाज के नाम पर 1 लाख रुपये की मांग की गई। परिवार ने जैसे-तैसे यह रकम जुटाई और अस्पताल को दे दी। लेकिन सच्चाई तब सामने आई जब बंटी ने खुद आईसीयू से बाहर आकर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बंटी निनामा सामान्य रूप से चलते हुए नजर आ रहे हैं। उनके हाथ और छाती पर मेडिकल टेप लगा हुआ है और हाथ में यूरिन की बोतल पकड़ी हुई है। वीडियो में उनकी पत्नी और मां अस्पताल प्रशासन पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाते दिख रहे हैं।

बंटी की पत्नी ने बताया कि जब उन्होंने आईसीयू की छोटी खिड़की से झांका तो देखा कि पांच लोग जबरन बंटी को पकड़े हुए थे। बंटी ने हिम्मत दिखाते हुए कैंची उठा ली और हमला करने की चेतावनी दी, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *