होली के जिद्दी रंग हटाने के आसान घरेलू उपाय

By: PalPal India News
March 7, 2025

होली का त्योहार रंगों और मस्ती से भरा होता है, लेकिन इसके बाद चेहरे और त्वचा से रंग हटाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। अगर आप भी होली के जिद्दी रंगों से परेशान हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर आप त्वचा से रंग आसानी से हटा सकते हैं।

1. संतरे के छिलके, मसूर की दाल और बादाम का पेस्ट

संतरे के सूखे छिलकों, मसूर की दाल और बादाम को दूध में भिगोकर पीस लें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। यह उपाय त्वचा से रंग हटाने के साथ-साथ इसे नमी भी प्रदान करता है।

2. मुल्तानी मिट्टी, पपीता और शहद का मिश्रण

अगर रंग ज्यादा गहरा है, तो मुल्तानी मिट्टी, पके पपीते और शहद को मिलाकर एक पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर लगाकर एक मिनट तक सूखने दें और फिर हल्के हाथों से मसाज करते हुए धो लें। इससे जिद्दी रंग आसानी से साफ हो जाएगा।

3. खीरे का रस, गुलाब जल और सिरका

गहरे और पक्के रंग को हटाने के लिए खीरे के रस में गुलाब जल और थोड़ा सा सिरका मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से स्क्रब करें और फिर धो लें। इससे त्वचा साफ और तरोताजा महसूस होगी।

4. सेंसिटिव त्वचा के लिए बादाम का तेल और जौ का आटा

अगर आपकी त्वचा सेंसिटिव है, तो बादाम के तेल में जौ का आटा मिलाकर हल्के हाथों से स्क्रब करें। यह उपाय रंग हटाने के साथ-साथ त्वचा को पोषण भी देगा और किसी तरह की जलन या साइड इफेक्ट से बचाएगा।

5. दही, नींबू का रस और अंडे का मिश्रण

हाथों और चेहरे से रंग हटाने के लिए दही में नींबू का रस और अंडा मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट से हल्की मसाज करने पर रंग आसानी से निकल जाएगा और त्वचा भी कोमल बनी रहेगी।

6. दाने और खुजली से बचने के लिए मुल्तानी मिट्टी और ग्लिसरीन

होली के रंगों से कई बार चेहरे पर दाने हो जाते हैं। इससे बचने के लिए मुल्तानी मिट्टी में ग्लिसरीन मिलाकर पेस्ट तैयार करें और इसे चेहरे पर लगाएं। कुछ देर बाद धोने से रंग के साथ-साथ दानों की समस्या भी दूर हो जाएगी। इन घरेलू उपायों को अपनाकर आप होली के रंगों को आसानी से हटा सकते हैं और अपनी त्वचा को सुरक्षित रख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *