पलपल इंडिया प्रतिनिधि। रील का पागलपन तीन युवकों के लिए घातक साबित हुआ। गुजरात के अहमदाबाद जिले के वासणा-सरखेज के पास फतेवाड़ी नहर के पास बीते बुधवार शाम भीषण हादसा हुआ। रील बनाने के लिए तीन नाबालिग एक स्कॉर्पियो कार लेकर पहुंचे और यू-टर्न लेते समय नहर में गिर गए। सूचना मिलने पर असलाली, प्रहलादनगर और जमालपुर की फायर ब्रिगेड की टीम के 30 सदस्य तीनों युवकों की तलाश में जुट गए। वासणा बैराज से नहर में आने वाले पानी को रोक दिया गया। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने स्कॉर्पियो कार को बाहर निकाला।
दरअसल गुजरात के अहमदाबाद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अहमदाबाद में साबरमती नदी के किनारे वासना बैराज के पास नहर में रील बनाने के लिए स्कॉर्पियो कार लेकर जा रहे युवकों का एक ग्रुप पानी में डूब गया। कार जब नहर में गिरी तब उसके अंदर तीन युवक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि रील बनाने के चक्कर में स्कॉर्पियो कार बेकाबू हुई और नहर में जा गिरी। कार जैसे ही नहर में गिरी तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। तीन लोगों में से दो के शव पानी में तैरते हुए मिले और तीसरे की तलाश जारी है। गौरतलब है कि यक्ष और यश सोलंकी के शव शास्त्री ब्रिज के पास विशाला की ओर मिले हैं और कृष दवे अभी भी लापता है, उनकी तलाश जा रही है।
फतेहवाड़ी नहर में रील बनाते समय स्कॉर्पियो में डूबे नाबालिग दोस्तों के मामले में कार मालिक का बयान सामने आया है. स्कॉर्पियो कार के मालिक सौरभ गुप्ता ने बयान देते हुए कहा कि उन्होंने कार किराए पर नहीं दी थी. उनका दोस्त मौलिक कार ले गया था. बाद में पता चला कि मौलिक कार लेकर घूमने गया था. इसके बाद मौलिक ने कार अपने दोस्त रुद्र को फोटो खींचने के लिए दे दी, लेकिन यह बात सामने आई है कि रुद्र के दोस्तों ने उससे कार भी छीन ली थी, क्योंकि उसके पास लाइसेंस नहीं था.
वहीं घटना के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रील बनाने के चक्कर में स्कॉर्पियो कार बेकाबू हुई मुड़ नहीं पाई और नहर में गिर गई। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने कार में सवार तीनों लोगों को बचाने की कोशिश की। हालांकि, वे डूब गए।