PM मोदी ने सिलवासा में ‘नमो अस्पताल’ का किया उद्घाटन, शाम को सूरत में होगा रोड शो

By: PalPal India News
March 7, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के गुजरात दौरे पर पहुंचे हैं। गुजरात के सिलवासा में उन्होंने 450 बिस्तरों वाले नमो अस्पताल का उद्घाटन किया। सिलवासा में पीएम ने 2587 करोड़ रुपये  लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। शाम को सूरत में एयरपोर्ट से लिंबायत तक उनका करीब 3 किमी लंबा रोड शो होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के सिलवासा में नमो अस्पताल के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 650 बिस्तरों की क्षमता वाले दूसरे चरण का शिलान्यास भी किया। 450 बिस्तरों वाले इस अस्पताल के निर्माण पर 460 करोड़ रुपये की लागत आई है और इससे केंद्र शासित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

दादर नगर हवेली हमारी विरासत है’

सिलवासा में पीएम ने 2587 करोड़ रुपये  लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम ने कहा, ”दादर नगर हवेली हमारी विरासत है। यहां के विकास के लिए हम प्रतिबद्ध है। दादर नगर हवेली की पहचान टूरिज्म से हो। इसे आधुनिक सेवाओं के लिए जाना जाए। सिलवासा एक नई पहचान के साथ उभर रहा है।”

3 किमी लंबा रोड शो

पीएम मोदी करीब 5 बजे सिलवासा से सूरत पहुंचेंगे। यहां एयरपोर्ट से लिंबायत तक उनका करीब 3 किमी लंबा रोड शो होगा। इस दौरान उनके स्वागत के लिए हर 100 मीटर पर 30 मंच बनाए गए हैं। इसके बाद लिंबायत के नीलगिरी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम सूरत में ही रात्रि विश्राम करेंगे और कल सुबह नवसारी जाएंगे।

सूरत के कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए बसों और वाहनों का इंतजाम किया गया है।

महिला दिवस पर जाएंगे नवसारी  

पीएम मोदी नवसारी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां भी वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *