8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) मनाया जाता है, जो दुनिया भर की महिलाओं के सम्मान और उनके योगदान को सराहने का अवसर होता है। इस खास मौके पर सर्च इंजन गूगल (Google) ने भी अपनी भागीदारी निभाते हुए एक अनूठा डूडल (Doodle) बनाया है। इस बार गूगल ने अपने डूडल के जरिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) क्षेत्रों में महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों को श्रद्धांजलि दी है।
संयुक्त राष्ट्र (United Nations) ने पहली बार 1975 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को आधिकारिक रूप से मान्यता दी थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं के योगदान के महत्व को उजागर करना था। तब से यह दिवस हर साल महिलाओं की उपलब्धियों और उनके अधिकारों की दिशा में किए गए प्रयासों को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है। गूगल ने अपने ब्लॉग पोस्ट में लिखा है कि इस डूडल के माध्यम से हम उन दूरदर्शी महिलाओं का सम्मान कर रहे हैं जिन्होंने STEM क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डूडल की कलाकृति उन महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने अंतरिक्ष अन्वेषण में नई ऊंचाइयों को छुआ, प्राचीन खोजों को उजागर किया और प्रयोगशाला अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभाई। इनके प्रयासों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के क्षेत्र में हमारी समझ को नई दिशा दी।