एनजीओ बच्‍चों का बेहतर भविष्‍य बनाने में सहायक हों- कलेक्‍टर श्री सक्‍सेना

By: PalPal India News
March 8, 2025

जबलपुर। कलेक्‍टर श्री दीपक सक्‍सेना की अध्‍यक्षता में आज स्वयं सेवी संगठनों की बैठक लेकर कहा कि विद्यार्थियों को सस्ती दर पर पुस्तक, स्टेशनरी व गणवेश उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 मार्च से 5 अप्रैल तक शहीद स्‍मारक प्रांगण में पुस्तक मेला आयोजित किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि इस लोकहित के मेले में स्‍वयं सेवी संगठनों का भी योगदान हो। जिसमें गरीब बच्‍चों को नि:शुल्‍क पुस्‍तक, गणवेश, स्‍टेशनरी मिल सके।

एनजीओ चाहे तो एनसीईआरटी की वेबसाइट से उपलब्‍ध पीडीएफ से पुस्‍तक प्रिंट करवा कर बच्‍चों को दान करें, ताकि बच्‍चों का बेहतर भविष्‍य बनाने में वे सहायक हो सकें। उन्‍होंने सभी से इस संबंध में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी पुस्‍तकों की सूची जिला प्रशासन की एनआईसी की वेबसाईट पर उपलब्‍ध है। ज्‍यादातर स्‍कूलों में एनसीईआरटी की पुस्‍तकें प्रचलित हैं, ऐसी स्थिति में एनसीईआरटी की किताबों की कमी संभावित है, अत: इसमें एनजीओ से सहयोग आपेक्षित है।

उन्‍होंने कहा कि पुस्‍तक मेला में जरूरतमंद बच्‍चों के लिए बुक बैंक भी बनाई जाये, ताकि बच्‍चों को सहजता से पुस्‍तकें उपलब्‍ध हो सकें। साथ ही कहा कि एनजीओ बच्‍चों से पुरानी पुस्‍तकें लेकर जरूरतमंद बच्‍चों को आपस में बांटने में सहयोग करें। उन्‍होंने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि वे स्‍वयं सेवी संगठनों को स्‍कूल बांट दें ताकि वे वहां जाकर पुस्‍तकों के नि:शुल्‍क वितरण में वे अपना योगदान दे सकें।

कलेक्‍टर श्री सक्‍सेना ने कहा कि इस बार पुस्तक मेला को अच्छी व्यवस्थाओं के साथ आकर्षक बनाया जायेगा। मेला को मेले के स्वरूप देने के लिये सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की
जायेंगी। उन्‍होंने मेला को भव्‍य तथा मॉडल रूप में लाने के लिए समाज के सभी लोगों से बेहतर सहभागिता का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *