पलपल इंडिया प्रतिनिधि। सोशल मीडिया पर एक भारतीय युवक की लवस्टोरी बहुत वायरल हो रही है। इनकी लवस्टोरी ने साबित कर दिया है की प्यार की कोई सरहद नहीं होती। न इसे किसी बंधन में बांधा जा सकता है।
यह कहानी एक सब्जी बेचने वाले भारतीय लड़के की प्रेम कहानी है जो भारत में रहते हुए फिलीपिन्स की एक लड़की को अपना दिल दे बैठा और उससे शादी कर ली।
सब्जी बेचने वाले लड़के और उस विदेशी लड़की की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई। जहां दोनों की बातें एक दूसरे को Hii और how are you मैसेज भेजने के साथ शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातों का सिलसिला बढ़ने लगा और दोनों एक दूसरे को अपना दिल दे बैठें। हालांकि दोनों को एक दूसरे की भाषा भी नहीं आती थी। फिर भी भाषा उनके प्यार के आड़े कभी नहीं आया। वे ठीक से अंग्रेजी भी नहीं बोल पाते थे, इसके बावजूद भी वे दोनों एक-दूसरे से बात करना बहुत पसंद करते थे।
2 सालों तक लॉन्ग डिस्टेंस डेटिंग के बाद लड़के ने उस विदेशी लड़की से शादी करने की इच्छा जताई और अपनी गर्लफ्रेंड के मम्मी-पापा से उसका हाथ मांगने फिलीपिन्स पहुंच गया। जहां लड़की के घरवालों ने लड़के का भव्य स्वागत किया। लड़की के माता-पिता उस लड़के से अपनी बेटी की शादी के लिए मान गए। जिसके बाद दोनों ने साल 2024 में शादी कर ली। दोनों की शादी पहले फिलिपीन्स में ईसाई परंपरा के हिसाब से हुई फिर भारत आने के बाद हिन्दू मान्यताओं के हिसाब से हुई।
इस कपल के बारे में जानकारी जुटाई गई तो मालूम चला कि सब्जी बेचने वाले लड़के का नाम पिंटू प्रसाद और फिलिपिन्स की रहने वाली लड़की का नाम लिंबजाने मैगडाओ है। पिंटू 22 साल के हैं और उनकी पत्नी लिंबजाने उनसे 2 साल बड़ी यानी 24 साल की हैं। पिंटू गुजरात के अंकलेश्वर में रहते हैं। उनका परिवार होलसेल में सब्जियां बेचने का काम करता है। वहीं, लिंबजाने होटल मैनेजमेंट से ग्रैजुएट हैं, वे अपने फैमिली के रेस्टोरेंट को चलाने में मदद करती थीं।