पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के भागलपुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक फल व्यापारी की मौत हो गई। ठेला लगाने वाले लोगों का कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और सभी को भगाने लगे। पुलिस ने फल व्यापारियों पर लाठी चलाना शुरू कर दिया। जान बचाकर भाग रहे फल व्यापारियों में एक भागने के क्रम में गिर गए। इसके बाद वह अचेत हो गए और उनकी मौत हो गई। इसी बीच फल विक्रेता नीचे गिर गए और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मृत्यु के बाद अन्य फल व्यापारियों ने घंटाघर चौक पर टायर जला कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने स्टेशन चौक से तिलकामांझी जाने वाली मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक की पहचान महेश शाह के रूप में की गई है। घटना के बाद लोगों ने सड़क पर आग जलाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित फल व्यापारियों ने टायर और लकड़ी जलाकर विरोध किया। इस दौरान अतिक्रमण का सामान लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से ही सामान निकालकर आग के हवाले करने की कोशिश की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे जहां पर आगजनी शुरू कर दी। इधर, सूचना के बाद दंगा नियंत्रण बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य की। काफी देर तक सड़क मार्ग को जाम कर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
व्यापारियों ने शव को घंटाघर चौक पर रखकर खूब बवाल काटा। हंगामा कर रहे व्यापारियों का कहना है कि हम लोग फुटपाथ पर दुकान लगाकर घर का भरण पोषण करते हैं, लेकिन जिला प्रशासन के टीम लगातार हम लोगों को परेशान करती है। यही नहीं पुलिस प्रशासन कभी फल तो कभी रुपए भी लेकर जाते हैं। आज भी दुकान को हटाने के लिए पुलिस पहुंची थी। हम लोग दुकान हटा रहे थे इसी दौरान पुलिस ने लाठी चलाना शुरू कर दिया।