महिला दिवस के मौके पर फिल्म ‘जटाधारा’ के निर्माताओं ने अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा का पहला लुक जारी कर दिया है। इस फिल्म से सोनाक्षी तेलुगू सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं, और उनका नया अवतार बेहद प्रभावशाली नजर आ रहा है।
सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा किया, जिसमें उनका लुक काफी इंटेंस और आकर्षक है। पोस्टर में उनका पूरा चेहरा नहीं दिख रहा, लेकिन उनकी आंखों में गहरा काजल, माथे पर लाल बिंदी और तिलक उनके किरदार की गहराई को दर्शा रहे हैं। इस कोलाब पोस्ट में निर्माताओं ने कैप्शन दिया, “इस महिला दिवस पर ‘जटाधारा’ में शक्ति और उसकी किरण जगमगा रही है!” ‘जटाधारा’ एक एक्शन और सस्पेंस से भरपूर फिल्म है, जिसमें सुधीर बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। सोनाक्षी सिन्हा को इस फिल्म में एक सशक्त और अनूठी भूमिका में देखा जाएगा।
हाल ही में हैदराबाद के एक मंदिर में फिल्म का भव्य मुहूर्त समारोह आयोजित किया गया, जिसमें निर्देशक हरीश शंकर, ‘पुष्पा 2’ के निर्माता रवि शंकर, निर्देशक वेंकी अटलूरी और मोहना इंद्रगांती समेत कई सितारे मौजूद रहे। फिल्म के प्रस्तुतकर्ता उमेश के.आर. बंसल और प्रेरणा वी. अरोड़ा भी इस अवसर का हिस्सा बने।
फिल्म को लेकर सुधीर बाबू ने कहा, “मैं इस नई यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हूं। ‘जटाधारा’ का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस फिल्म की स्क्रिप्ट प्राचीन पौराणिक मान्यताओं को वैज्ञानिक तथ्यों से जोड़ती है, जिससे दर्शकों को एक अनूठा सिनेमाई अनुभव मिलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों पर गहरा प्रभाव डालेगी।”