अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमला: कैलिफोर्निया के स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़

By: PalPal India News
March 9, 2025

कैलिफोर्निया। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित BAPS श्री स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की एक गंभीर घटना सामने आई है। चीनो हिल्स में स्थित इस प्रतिष्ठित मंदिर पर रविवार को हमला किया गया और इसके दीवारों पर ‘Hindus Go Back’ जैसे भड़काऊ संदेश लिखे गए। यह मंदिर अमेरिका के सबसे बड़े हिंदू मंदिरों में से एक है, और इस घटना ने स्थानीय हिंदू समुदाय में चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है। BAPS (बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था) की अमेरिकी शाखा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की जानकारी साझा की। BAPS पब्लिक अफेयर्स ने अपनी पोस्ट में लिखा,
“एक और हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया है, इस बार कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में। हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहेगा और कभी भी घृणा को पैर जमाने नहीं देगा। हमारी साझा मानवता और आस्था यह सुनिश्चित करेगी कि शांति और करुणा बनी रहे।”

इस हमले से वहां के हिंदू परिवारों में भय का माहौल बन गया है। हालांकि, चीनो हिल्स पुलिस विभाग ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उत्तर अमेरिका के हिंदुओं की संस्था (Coalition of Hindus of North America – CoHNA) ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कैलिफोर्निया के इस प्रतिष्ठित मंदिर को अपवित्र करने की यह घटना लॉस एंजेलेस में प्रस्तावित “खालिस्तान जनमत संग्रह” से पहले सामने आई है। CoHNA ने आरोप लगाया कि मीडिया और अकादमिक संस्थानों में हिंदू-विरोधी घटनाओं को नजरअंदाज किया जाता है, जबकि हिंदूफोबिया (Hinduphobia) एक गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है।

CoHNA ने 2022 से अब तक अमेरिका में हिंदू मंदिरों में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं की सूची साझा की और इस मामले की गहन जांच की मांग की। यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *