नई दिल्ली.पाकिस्तान में कुलभूषण जाधव के किडनैपर की हत्या, ISI एजेंट मुफ़्ती शाह मीर को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली बलूचिस्तान में एक पाकिस्तानी धार्मिक “स्कॉलर” मुफ़्ती शाह मीर की अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. रिपोर्टों के अनुसार, मीर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता था और पूर्व भारतीय नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव के अपहरण में शामिल था. शुक्रवार रात, तुर्बत में जब वह मस्जिद से नमाज अदा कर बाहर निकला, तो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उसे निशाना बनाया. कई गोलियां लगने के कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
मुफ़्ती शाह मीर बलूचिस्तान का एक प्रमुख धार्मिक नेता था और कट्टरपंथी राजनीतिक दल जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (JUI) का सदस्य था. रिपोर्टों के अनुसार, वह हथियारों और मानव तस्करी जैसे गैरकानूनी कार्यों में भी लिप्त था. द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मीर आईएसआई के नजदीकी लोगों में गिना जाता था और पाकिस्तान के आतंकवादी शिविरों का नियमित दौरा करता था. वह आतंकियों की घुसपैठ में भी मदद करता था. पिछले सप्ताह ही खुज़दार में मीर की पार्टी के दो अन्य सदस्यों की भी हत्या कर दी गई थी. इससे पहले भी मीर पर दो बार जानलेवा हमले हो चुके थे, लेकिन वह बच गया था.
मुफ़्ती शाह मीर की हत्या ने कुलभूषण जाधव के अपहरण और पाकिस्तान की गुप्त गतिविधियों से जुड़े कई सवाल फिर से खड़े कर दिए हैं. पाकिस्तान में कट्टरपंथी तत्वों और खुफिया एजेंसी के गठजोड़ पर हमेशा सवाल उठते रहे हैं, और यह घटना उसी की एक और कड़ी मानी जा रही है. भारत की ओर से अब इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पाकिस्तान सरकार इस घटना की गहराई से जांच करती है या इसे महज एक और हिंसा की घटना मानकर टाल देती है.