समग्र विकास के रोडमैप पर काम कर रही है सरकार, खेल और खिलाड़ी दोनों हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

By: PalPal India News
March 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समग्र विकास के रोडमैप पर हमारी सरकार काम कर रही है। खेलों का विकास हमारा महत्वपूर्ण लक्ष्य है। खेल और खिलाड़ी दोनों हमारी प्राथमिकता में है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हमारी सरकार सभी महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। महिलाओं के लिए समर्पित दिन है। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाएं, जिन्होंने राज्य को गौरवान्वित किया है, उन्हें सम्मानित करना सरकार के लिए हर्ष का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जहांनुमा पैलेस में एक निजी मीडिया समूह द्वारा आयोजित “पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार-2025” को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, बंसल ग्रुप के सीएमडी श्री सुनील बंसल, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और उनके पंख (स्पॉनसर्स) उपस्थित थे।

कृष्ण जन्म के वृत्तांत का वर्णन 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृष्ण जन्म के वृत्तांत का वर्णन कर बताया कि सामाजिक सरोकार के महत्व को समझाने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने जन्म लिया। अपने विराट व्यक्तित्व से उन्होंने सामाजिक चेतना जागृत की। उन्होंने कहा कि समाज के व्यक्तियों द्वारा राज्य के उभरते खिलाड़ियों की मदद कर उन्हें खेल में सहयोग करना, हमारी सामाजिक जीवंतता का सहज प्रमाण है। इस प्रकार के विशेष आयोजन के लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनहित से जुड़े विभिन्न प्रभावकारी निर्णयों कोविड के समय वैक्सीन का त्वरित उत्पादन, कोविड महामारी रोकने के लिए लॉकडाउन की घोषणा करना, नोटबंदी की घोषणा करना, सर्जिकल स्ट्राइक आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सभी राष्ट्रहित के निर्णय है। हम सभी के लिए यह निर्णय प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को सदैव राजधर्म का पालन करना पड़ता है। इसलिए कभी-कभी कठोर निर्णय भी लेने पड़ते हैं। विगत एक वर्ष में हमने जनहित में कई बड़े निर्णय लिए हैं। हम प्रदेश के विकास में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में देश का विकास जनता की भागीदारी से ही संभव है। लोकतंत्र में करोड़ों लोग देश के विकास में सहभागिता करते हैं। मतदान करने वाला हर व्यक्ति देश के विकास का सहभागी है। हमारा प्रत्येक निर्णय जनभावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि हम सभी सामाजिक प्रेरणा से देश का विकास करने और समाज को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करते रहें। यही राष्ट्रधर्म है, यही नागरिक धर्म है।

मध्यप्रदेश के विकास को पंख देकर तेज गति से राज्य की प्रगति

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश के विकास को पंख देकर तेज गति से राज्य की प्रगति को आगे बढ़ा रहे हैं। जीआईएस भोपाल के सफल आयोजन में 30.77 लाख करोड़ का निवेश प्राप्त कर राज्य में इतिहास रचा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिला दिवस पर सुरक्षा से लेकर वाहन चालक की जिम्मेदारी आज महिलाओं को सौंपी गई है। यह हमारी मातृ शक्तियों का सम्मान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि युवा खेल प्रतिभाएं देश का भविष्य हैं। युवाओं को समर्पण के साथ राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ज्ञान (GYAN) मिशन में गरीब, अन्नदाता, नारी और युवा कल्याण को शामिल किया गया है। हमारे युवा राष्ट्रभक्ति की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। आयोजकों द्वारा खेल प्रतिभाओं का सम्मान करना प्रशंसनीय है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आयोजकों की ओर से मध्यप्रदेश के उभरते खिलाड़ियों और उनके पंख (स्पॉन्सर्स) को सम्मानित किया। आयोजकों की ओर से 45 उभरते युवा खिलाड़ियों को 51-51 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी सम्मान स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम में खेल प्रतिभाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। आयोजकों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रतीक चिन्ह और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *