मुंबई: होटल की लापरवाही, मंचूरियन में मिला मरा हुआ चूहे का बच्चा, मचा हंगामा

By: PalPal India News
March 10, 2025

मुंबई। ऐरोली सेक्टर-4 स्थित पर्पल बटरफ्लाई होटल में लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कुछ महिलाएं यहां डिनर करने पहुंची थीं, लेकिन खाने में मंचूरियन के अंदर मरा हुआ चूहे का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद महिलाओं ने तुरंत रबाले पुलिस स्टेशन जाकर होटल मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने महिलाओं द्वारा दिए गए वीडियो और फोटो सबूतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता महिलाओं में से एक, ज्योति कोंडे ने बताया कि उन्होंने डिनर के लिए कुछ डिशेज ऑर्डर की थीं, लेकिन जब उन्होंने मंचूरियन चखा, तो उसमें मरा हुआ चूहे का बच्चा मिला। यह देखकर सभी घबरा गईं और होटल स्टाफ से शिकायत की। इस दौरान होटल कर्मचारी एक-दूसरे पर दोष मढ़ने लगे। नाराज महिलाओं ने तुरंत पुलिस स्टेशन जाकर होटल के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

महिलाओं का कहना है कि वे खाद्य विभाग में भी शिकायत करेंगी, ताकि होटल मालिक पर सख्त कार्रवाई हो और ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल की सफाई व्यवस्था बेहद खराब है, जिससे ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

इससे पहले मुंबई के एक मशहूर रेस्त्रां ‘बारबेक्यू नेशन’ से मंगाए गए खाने में भी मरा हुआ चूहा मिला था। उस खाने को गलती से एक ग्राहक ने खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस मामले में पीड़ित व्यक्ति ने नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इस तरह की घटनाएं साफ तौर पर होटल और रेस्त्रां मालिकों की लापरवाही को उजागर करती हैं, जिससे ग्राहकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और होटल के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *