बदमाशों ने किया घर पर पथराव, दहशत में वृद्ध को आया हार्ट अटैक हुई मौत

By: PalPal India News
March 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदमाशों ने घर पर पथराव किया, जिससे दहशत में एक वृद्ध विष्णु कनौजिया की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बदमाशों का आरोप था कि उन्होंने 2021 में उनकी रिपोर्ट वापस करने का दबाव बनाया था। परिजनों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

रात में सभी घर पर सो रहे थे। इस दौरान कुछ बदमाश आए और पथराव करना शुरू कर दिया। उन्होंने घर के बाहर और नीचे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलानी शुरू कर दी। अचानक हुई घटना से वृद्ध घबरा गए। मृतक का नाम विष्णु कनौजिया था। उनकी उम्र 65 वर्ष थी। वह पत्नी और भतीजे के परिवार के साथ यहां रहते थे।

रिपोर्ट वापस करने का बना रहे थे दबाव

परिजनों ने बताया कि साल 2021 में क्षेत्र के कुछ लोगों से विष्णु का विवाद हुआ था। बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला किया था, जिसकी रिपोर्ट थाने में लिखवाई थी। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपी लगातार समझौते के लिए दबाव बना रहे थे। उनकी बात नहीं मानने पर रात में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाई गई थी।

परिजनों ने थाने में शव रखकर किया प्रदर्शन

घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को वृद्ध का शव सिविल लाइंस थाने के सामने रखकर प्रदर्शन किया। थाने में इस दौरान लगभग दो घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही थी। घटना के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सौंपते हुए उसमें दिख रहे आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।  पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद वृद्ध का अंतिम संस्कार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *