बैंकॉक। थाईलैंड के एक मंदिर में एक महिला पर्यटक द्वारा बुद्ध की मूर्ति पर चढ़कर आम तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सलवार-कमीज पहने नजर आ रही है, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी उसके साथ मौजूद है। बताया जा रहा है कि दोनों मंदिर परिसर में लगे पेड़ से फल तोड़ रहे थे, और अधिक ऊंचाई तक पहुंचने के लिए महिला ने मूर्ति पर चढ़ने का कदम उठाया।
यह वीडियो सबसे पहले TikTok पर साझा किया गया था, लेकिन बाद में अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी फैल गया। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई लोगों ने इसे असम्मानजनक और अपमानजनक बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, महिला की राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ता दावा कर रहे हैं कि वे भारत से थीं। इस विवादित घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।