पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना की अध्यक्षता में आज लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह, श्री नाथूराम गोंड, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में उन्होंने सभी विभागों की सीएम हेल्पलाईन की एक-एक कर समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण प्राथमिकता से करें। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण नॉन अटेंडेंट न रहे और न ही निम्न गुणवत्ता से बंद हों। साथ ही कहा कि 50 दिन से अधिक के प्रकरणों को पहले निराकृत करें। शिकायतों के निराकरण की गति में तेजी लायें।
कलेक्टर श्री सक्सेना ने टीएल के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान विभागवार एक-एक प्रकरणों की समीक्षा करते हुये कहा कि प्रकरणों का निराकरण तत्परता से करें। इसके साथ ही बरगी डैम व पनागर क्षेत्र के अंतर्गत वेटलेंड का सीमांकन, वक्फ की संपत्ति की मार्किंग, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शीघ्र कराने, बेहतर ई-रिक्शा नीति बनाने, स्कूलों की छुट्टी के समय ट्राफिक कंट्रोल आदि पर चर्चा करते हुए कहा कि लोकल ऑर्डिट फंड में हुये धोखाधड़ी से सभी अधिकारी सीखें और आहरण और संवितरण पर सख्त निगाह रखें। साथ ही कहा कि निर्माण विभाग द्वारा रॉयल्टी जल्दी जमा करें।
सरकारी भवनों में सोलर पैनल लगवायें। उन्होंने मायनिंग के कुछ प्रकरणों में लायसेंस निरस्तीकरण के निर्देश भी संबंधित अधिकारी को दिये। कलेक्टर श्री सक्सेना ने कहा कि प्रकरणों के निराकरण के लिए मेहनत करें और जवाबदारी से कार्य करें और जिले की रैंकिंग सुधारें।