मुंबई। भारत में हाई-स्पीड इंटरनेट सेवाओं में बड़ा बदलाव आने वाला है। भारती एयरटेल (Airtel) और एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने भारत में Starlink सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने के लिए साझेदारी की घोषणा की है। यह पहली बार है जब SpaceX ने भारत में किसी टेलीकॉम कंपनी के साथ आधिकारिक समझौता किया है। हालांकि, सेवा शुरू करने से पहले SpaceX को भारत सरकार से आवश्यक मंजूरी लेनी होगी।
इस समझौते से भारत के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं का विस्तार होगा। एयरटेल और स्पेसएक्स मिलकर Starlink उपकरण को एयरटेल के रिटेल स्टोर्स में उपलब्ध कराएंगे, जिससे आम लोगों को आसानी से सैटेलाइट इंटरनेट सेवा मिल सकेगी। इसके अलावा, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे डिजिटल इंडिया अभियान को और मजबूती मिलेगी।
Airtel और SpaceX मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि Starlink इंटरनेट सेवा उन इलाकों तक भी पहुंचे, जहां अब तक ब्रॉडबैंड सुविधाएं सीमित थीं। इसके लिए एयरटेल के मौजूदा नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर का भी उपयोग किया जाएगा। यह साझेदारी खासतौर पर उन व्यवसायों और कंपनियों के लिए फायदेमंद होगी जो दूर-दराज के इलाकों में कार्यरत हैं और तेज़ व विश्वसनीय इंटरनेट सेवाओं की जरूरत रखते हैं।
Airtel के प्रबंध निदेशक और उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने इस साझेदारी को “महत्वपूर्ण मील का पत्थर” बताया। उन्होंने कहा,
“SpaceX के साथ काम करके हम भारत के ग्राहकों को Starlink की सेवाएं देने जा रहे हैं, जो सैटेलाइट इंटरनेट टेक्नोलॉजी में बड़ा बदलाव लाएगा। इस साझेदारी के जरिए हम देश के सबसे दूरस्थ इलाकों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचा सकेंगे।”