पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दक्षिणी दिल्ली के तिगरी थाना इलाके में एक युवक की सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के समय युवक की बाइक और हेलमेट घटनास्थल पर पड़े मिले और युवक गंभीर चोट के साथ सड़क पर गिरा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घटना हमदर्द अस्पताल के पास सोमवार को हुई, जहां सड़क पर गहरे गड्ढे के कारण युवक की मौत हो गई। घटना के समय युवक की बाइक और हेलमेट घटनास्थल पर पड़े मिले, जबकि युवक सिर पर गंभीर चोट के साथ सड़क पर गिरा हुआ पाया गया। मृतक की पहचान राशिद खान के रूप में हुई है, जो संगम विहार इलाके का निवासी था। हादसे के बाद उसे एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर जो गड्ढा था, उसमें पानी भी भरा हुआ था और ऐसा प्रतीत होता है कि युवक उस गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया था, जिसके बाद पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
कैसे हुई मौत? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की, मृतक राशिद के सिर के बाईं तरफ लगभग 4 इंच लंबी और 1.5 इंच गहरी चोट लगी थी। युवक पानी से भरे गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया और उसके बाद वह पानी में डूब गया। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह हादसा किसी अन्य वाहन से टकराने की वजह से हुआ या फिर गड्ढे के कारण उसका बैलेंस बिगड़ने की वजह से वह गिरा। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 281 और 186(1) के तहत मामला दर्ज किया है और घटना की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा कि युवक की मौत सिर पर लगी चोट से हुई या पानी में डूबने के कारण।