प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का दूसरा चरण शुरू,एक करोड़ युवाओं को प्रदान की जाएगी इंटर्नशिप

By: PalPal India News
March 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का दूसरा चरण शुरू हो चूका है ,इस दुसरे चरण में 21 से 24 वर्ष की आयु के एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप प्रदान की जाएगी। यह योजना 12 महीने की अवधि के लिए विभिन्न उद्योगों में कार्य करने और उसे समझने के अनुभव सिखाएगी। केंद्रीय बजट 2024-25 में शुरू की गई प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) के अंतर्गत 21 से 24 वर्ष की आयु के एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप प्रदान की जानी है।

इस योजना को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय और भारतीय कॉर्पोरेट कानून सेवा (आईसीएलएस) कैडर के अधिकारियों ने कार्यान्वित किया है। अधिकारियों के मुताबिक योजना का उद्देश्य भारत को ‘विश्व की कौशल राजधानी’ बनाना है। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रीय निदेशक की उपनिदेशक अंकिता लाहोटी ने प्रदेश के योग्य युवाओं से https://pminternship.mca.gov.in/ वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करने पर जोर दिया है।

आवेदनों की प्रक्रिया शुरू

योजना के पायलट चरण को लेकर आवेदनों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2025 तक बढ़ा दी गई है।दूसरे चरण में भारत के 730 से अधिक जिलों में शीर्ष कंपनियों में एक लाख से भी अधिक इंटर्नशिप के अवसर युवाओं को प्रदान किए जाएंगे।

तीन इंटर्नशिप के लिए आवेदन

आवेदक अधिकतम तीन इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकता है। कोई भी उम्मीदवार भारत में कहीं भी किसी भी इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने के लिए स्वतंत्र है। क्षेत्रीय कार्यालय अहमदाबाद में आने वाले चार राज्यों में शीर्ष कंपनियों ने 25 हजार 338 इंटर्नशिप अवसर प्रदान किए हैं।

5220 इंटर्नशिप के अवसर

मध्य प्रदेश में ही कुल पांच हजार 220 इंटर्नशिप अवसर हैं, जो देश की शीर्ष कंपनियों द्वारा अलग-अलग जिलों में पेश किए जा रहे हैं। पावर ग्रिड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक लिमिटेड, जुबिलेंट फुडवर्क्स लिमिटेड और एनएचडीसी लिमिटेड जैसी अग्रणी कंपनियां इस दौर में मध्य प्रदेश में इंटर्नशिप के प्रस्ताव रख रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *