पाई पाई जोड़कर मां ने दिलाई 90 हजार की बाईक, पसंद नहीं आने पर बेटे ने जहर खा कर ली आत्महत्या

By: PalPal India News
March 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बेटे को बाइक पसंद नहीं आई और उसने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। एमपी के खंडवा में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है जहां स्कूल में खाना बनाकर और मजदूरी करके पैसे जमा कर इकलौते बेटे को बाइक दिलाने वाली मां को जिंदगीभर का गम मिल गया है।

जानकारी के अनुसार पुनासा थानाक्षेत्र के पिपलानी गांव में रहने वाली मजदूर मां ने पाई-पाई रुपये जोड़कर अपने बेटे के लिए 90 हजार की बाइक खरीदी लेकिन बेटा इस बात से खुश नहीं हुआ, उसे डेढ़ लाख की बाइक पसंद आई थी। इसी बात से दुःखी होकर 19 वर्षीय विष्णु पिता दिनेश ने जहर पी लिया और आत्महत्या कर ली। तबीयत बिगड़ने पर परिजन ने उसे पुनासा के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल भेज दिया। विष्णु की हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया।

मां से बोला- 1.58 लाख की बाइक पसंद थी

मृतक के मामा ने जानकारी देते हुए बताया कि विष्णु के परिवार में मां और 16 साल की एक छोटी बहन हैं। पिता का देहांत सालों पहले हो चुका है और विष्णु इकलौता बेटा था। उसकी मां स्कूल में खाना बनाने का काम करती है। बेटे के जिद करने पर पैसे जोड़कर मां ने उसे 90 हजार की बाइक खरीदकर दी। लेकिन उसे यह पसंद नहीं आई जिसके बाद विष्णु खेत में पहुंचा और जहर पी लिया। फिर उसने फोन करके कहा कि मां मुझे ये बाइक पसंद नहीं है। मैंने 1 लाख 58 हजार रुपये की बाइक पसंद की थी, वह मुझे दिलानी थी इसलिए मैं जहर खा रहा हूं।मां ने बेटे को बहुत कुछ समझाया फोन पर, बेटा कुछ गलत मत करना मैं तुझे दूसरी गाड़ी दिलवा दूंगी, तू स्कूल में आ जा। मां ने उसे समझाया लेकिन वह नहीं माना और जहर खाकर स्कूल में पहुंच गया। जहां से उसकी मां उसे अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन मां के जतन से न तो वह खुश हो पाया और न ही उसकी जान बच पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *