नई दिल्ली। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उन्होंने कोरिया की किम गा युन के खिलाफ पहला गेम जीतने के बावजूद तीन गेम में हार का सामना किया। हालांकि, महिला युगल में भारत के लिए अच्छी खबर रही, जहां राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की शुओ युन सुंग और चिएन हुई यू को 21-17, 21-13 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई।
पैर की मांसपेशियों में चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहीं 29 वर्षीय सिंधु को एरेना बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में दुनिया की 21वें नंबर की खिलाड़ी किम गा युन के खिलाफ 21-19, 13-21, 13-21 से हार झेलनी पड़ी। मुकाबला एक घंटे से अधिक समय तक चला, लेकिन अंत में किम ने सिंधु को पराजित कर दिया।
सिंधु के लिए लगातार निराशाजनक प्रदर्शन- पीवी सिंधु ने इससे पहले 2019 हांगकांग ओपन में किम के खिलाफ अपनी एकमात्र भिड़ंत में जीत दर्ज की थी। हालांकि, हाल के महीनों में उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। जनवरी में इंडिया ओपन सुपर 750 के क्वार्टर फाइनल से बाहर होने के बाद, उसी महीने इंडोनेशिया मास्टर्स के पहले दौर में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुतविका शिवानी की जीत- इस बीच, मिश्रित युगल स्पर्धा में रोहन कपूर और रुतविका शिवानी गाडे की जोड़ी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में तीन गेम तक चले मैच में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। हालांकि सिंधु के जल्दी बाहर होने से भारतीय फैंस को निराशा हुई, लेकिन महिला युगल और मिश्रित युगल में भारत के खिलाड़ी अब भी टूर्नामेंट में अपनी चुनौती बरकरार रखे हुए हैं।