डेनवर एयरपोर्ट पर अमेरिकन एयरलाइंस के विमान में आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

By: PalPal India News
March 14, 2025

डेनवर. गुरुवार शाम डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (Denver International Airport) पर बड़ा हादसा टल गया, जब अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 1006 के इंजन में अचानक आग लग गई। विमान में सवार यात्रियों को विंग (पंख) से कूदकर बाहर निकलना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आपात लैंडिंग के बाद मचा हड़कंप
विमान कोलोराडो स्प्रिंग्स से डलास-फोर्ट वर्थ जा रहा था, लेकिन इंजन में खराबी आने के कारण इसे डेनवर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के अनुसार, विमान ने शाम 5 बजे (स्थानीय समय) पर डेनवर में लैंड किया।

जैसे ही विमान रुका, उसमें धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री विमान के पंख (विंग) से उतर रहे हैं और चारों ओर धुआं फैला हुआ है। विमान में 172 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अमेरिकन एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन का बयान- अमेरिकन एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा, “हमारी प्राथमिकता सभी यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा थी। हम अपने कर्मचारियों, डेनवर एयरपोर्ट की टीम और बचावकर्मियों का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने तुरंत स्थिति को संभाला।” डेनवर एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि गेट C38 पर विमान के रुकते ही उसमें आग लग गई, लेकिन दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *