आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब पर्यटकों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना के कारण पर्यटक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्मारक में बना मधुमक्खियों का एक बड़ा छत्ता अचानक टूट गया, जिससे गुस्साई मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
इस हमले के दौरान कई लोगों के घायल होने की खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पर्यटक अपने कपड़ों से खुद को बचाने की कोशिश करते और भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, ताजमहल के आसपास कई दिनों से मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ था, लेकिन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा इसे हटाने में लापरवाही बरती गई। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने छत्ते को हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
ऐसा पहली बार नहीं है जब इस तरह की घटना हुई हो। हाल ही में मेरठ में भी मधुमक्खियों के हमले में कई लोग घायल हुए थे, और एक बुजुर्ग की इस दौरान मौत हो गई थी। ताजमहल में हुई इस घटना के बाद इसकी अंतरराष्ट्रीय छवि पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन को इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए जल्द ही प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।