पलपल इंडिया प्रतिनिधि,झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक माँ ने अपनी 17 दिन की बेटी को मौत के घाट उतार दिया। महिला ने पानी के कुंड में बच्ची को डुबोकर मार डाला।
दरअसल मामला राजस्थान के झुंझुनूं जिले के वार्ड नंबर 53 नयाबास में हुई। जहाँ एक मां ने अपनी ही 17 दिन की मासूम बच्ची को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। आरोपी महिला निशा देवी दूसरी बार बेटी पैदा होने से नाराज थी। महिला को बेटे की चाहत थी जिसके कारण उसने नवजात को पानी की कुंड में डुबोकर मार डाला।
जानकारी मुताबिक जिस समय यह घटना हुई उस समय घर में सिर्फ निशा, उसकी दो साल की बेटी और 17 दिन की नवजात थी। बाकी परिवार के सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे। सुबह करीब 9 बजे निशा ने अपने जेठ को फोन करके बताया कि कोई उसकी बेटी को उठा ले गया है। यह सुनते ही घर में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत घर पहुंचे और बच्ची की हर जगह तलाश करने लगे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब पानी की होद का ढक्कन खोला गया, तो उसमें मासूम का शव तैरता हुआ मिला।
सभी पहले इसे हादसा मान रहे थे, लेकिन पुलिस को इसमें साजिश का अंदेशा हुआ। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से जांच शुरू की तो सच्चाई सामने आई। दरअसल, घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। बच्ची इतनी छोटी थी कि वह खुद चारपाई से गिरकर कुंड तक नहीं पहुंच सकती थी। कुंड का ढक्कन बंद था, जिससे साफ था कि कोई बाहरी व्यक्ति उसे वहां नहीं डाल सकता था। घर की चारदीवारी भी ऊंची थी, जिससे किसी बाहरी व्यक्ति का अंदर घुसना संभव नहीं था। जब परिजनों ने निशा से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। निशा ने स्वीकार करते हुए बताया कि उसे बेटे की चाहत थी। उसकी पहली संतान बेटी थी, लेकिन दूसरी बार भी बेटी होने से वह नाराज थी। उसने परिजनों से कहा कि “बेटा होना चाहिए था, ये क्यों आ गई?” वहीं इस हृदयविदारक अपराध के बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। मासूम के पिता पंकज सैनी की शिकायत पर निशा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।