नागपुर में आज कई स्कूल बंद, हिंसा और आगजनी के बाद प्रशासन का फैसला

By: PalPal India News
March 18, 2025

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर के महल क्षेत्र में सोमवार को औरंगजेब की कब्र को लेकर भड़की हिंसा के बाद शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालात को काबू में रखने के लिए प्रशासन ने नागपुर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है। इसके साथ ही, एहतियातन शहर के कई स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विपक्ष के नेताओं ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, विपक्ष ने इस हिंसा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने राज्य सरकार को कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल करार देते हुए कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि नागपुर में दो गुटों के बीच झगड़े के बाद पथराव और आगजनी हुई। कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया, पुलिसकर्मी घायल हुए और दमकल की गाड़ियों पर भी हमला किया गया। इस तरह की घटनाएं नागपुर की शांति और सामाजिक सौहार्द्र को प्रभावित कर सकती हैं।”

एनसीपी (शरद गुट) के नेता अनिल देशमुख ने भी नागपुर में बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “इस तरह की घटनाएं नागपुर की पहचान और संस्कृति को ठेस पहुंचा सकती हैं। हमें संयम बनाए रखना चाहिए ताकि शहर में शांति बहाल हो सके।”

कांग्रेस की पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने भी शांति की अपील करते हुए कहा, “नागपुर में हुई हिंसा निंदनीय है। इसे तुरंत रोका जाना चाहिए और सभी को सौहार्द्रपूर्वक रहना चाहिए।” प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *