पलपल इंडिया प्रतिनिधि। यूपी के बलिया जिले में भीमपुरा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक छात्रा 10वीं की बोर्ड का पेपर देने आई थी। यहां स्कूल के प्रबंधक ने उसे दूसरे कमरे में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के चाचा की शिकायत पर भीमपुरा पुलिस ने रविवार की रात मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी जनार्दन यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी स्कूल प्रबंधक के खिलाफ धारा 64 (2)च, 351(2) बीएनएस व 3/4 पास्को एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
आपको बता दे गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने भीमपुरा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी भतीजी का एडमिशन बासमती सरजू हायर सेकेन्ड्री स्कूल खरऊपुर बलिया में हुआ है। उसका परीक्षा केंद्र एसवीबीसीआईसी खरऊपुर ऊस्कर में था, जिसका प्रबंधक जनार्दन यादव है। एक मार्च को उनके मित्र ने छात्रा को परीक्षा केंद्र पर छोड़ा। उस दिन गणित का पेपर था।
प्रबंधक जनार्दन यादव ने प्रश्न पत्र समझाने के बहाने छात्रा को विद्यालय परिसर में स्थित एक अलग कमरे में ले जाकर छात्रा से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी। इससे उनकी भतीजी डरी सहमी रहने लगी थी। पूछने पर रोते हुए उसने घटना की पूरी जानकारी दी। पीड़िता के चाचा ने पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई के साथ बच्ची और परिवार की सुरक्षा की भी मांग की।