पलपल इंडिया प्रतिनिधि। इंदौर में लसूड़िया थाना क्षेत्र में पति ने विवाद के बाद पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद रातभर हत्या को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश करता रहा। बच्चों को भी उसने झूठे बयान रटाए।
दरअसल पति और पत्नी के बीच ठेकेदार से रुपए लेने पर विवाद हुआ था। गुस्से में पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद रात भर हत्या को आत्महत्या में तब्दील करने पर जुट गया। बच्चों से भी झूठ बुलवाया, लेकिन पुलिस को आशंका हुई और पुलिस ने सबसे अकेले में बात की जिसके बाद बड़े बेटे ने पूरी सच्चाई पुलिस को बता दी।
टीआई तारेश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया की निवासी सिद्ध विहार कॉलोनी 46 वर्षीय शीला की मौत हुई है। शीला और उसका पति मदन ज्ञानशीला कॉलोनी में चौकीदारी करते है। दोनों झोपड़ी बनाकर दो बच्चों के साथ कॉलोनी में ही रहते हैं। पति के साथ शीला मजदूरी भी करती थी। सोमवार रात रुपयों को लेकर विवाद हो गया। ठेकेदार से रुपए न लेने की बात पर मदन ने शीला के साथ मारपीट कर डाली। गुस्से में उसने शीला का गला घोंट दिया। दम घुटने से शीला की मौत हो गई।
हत्या के बाद मदन रात भर हत्या को आत्महत्या बताने में जुट गया। सबसे पहले वह खुद ऑटो रिक्शा से एक डॉक्टर के पास दिखाने ले गया। मृत बताने पर घर लेकर आया और शव को पलंग पर लिटा दिया। मदन के दो बेटे हैं। एक की उम्र 8 साल और दूसरे की 5 साल है। उसने बच्चों से कहा कि पुलिस पूछताछ करेगी। तुम बता देना कि मम्मी की साड़ी पंखे में अटक गई थी। उजाला होने पर मदन ने कॉलोनी के रहवासियों को बुलाया और कहा कि उसकी पत्नी मर गई। झोपड़ी में पंखा नीचे है। गलती से साड़ी पंखे में अटक गई और दम घुटने से शीला की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बच्चे से अकेले में पूछताछ की, तो बड़े बेटे ने सब कुछ उगल दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।