पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भोपाल-जबलपुर हाईवे में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा ने एक्टिवा सवार नानी-पोती को रौंद दिया। घटना में बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पोती की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। घटना उस समय की है जब शहजपुर निवासी किशोरी अपनी नानी को एक्टिवा में बैठाकर सिद्धबाबा के आश्रम भेड़ाघाट ले जा रही थी, उसी समय पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें टक्कर मारी, जिसके चलते बुजुर्ग टायर के नीचे आ गई, और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पहुंची पुलिस ने हाइवा को जब्त कर चालक की तालाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे शहजपुर निवासी 22 वर्षीय युवती खुश्बू पटेल अपनी नानी उमा बाई पटेल को एक्टिवा में बैठाकर सिद्ध आश्रम ले जा रही थी, जैसे ही उनकी गाड़ी भेड़ाघाट के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे हाइवा ने टक्कर मार दी। उमा बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल हालत में खुश्बू को प्राइवेट वाहन से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। एक्सीडेंट के बाद तुरंत ही हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि बुजुर्ग महिला के शव का पंचनामा करने के बाद पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हाइवा किसका है, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।