सहारनपुर. सहारनपुर में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। गंगोह क्षेत्र में भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को गोली मार दी। इस भयानक वारदात को अंजाम देने के बाद उसने स्वयं पुलिस को फोन कर अपने कृत्य की जानकारी दी। इस घटना में उनकी 11 साल की बेटी श्रद्धा, 4 साल के बेटे शिवांश और 6 साल के बेटे देवांश की मौत हो गई। तीनों बच्चों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी नेहा (32) गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, योगेश रोहिला ने यह वारदात अपने घर के अंदर अंजाम दी। उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बेहद नजदीक से पत्नी और बच्चों पर गोलियां चलाईं। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बच्चों की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था। घटना के बाद पुलिस ने योगेश रोहिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हर कोई इस क्रूर कृत्य से स्तब्ध है। परिवार के करीबी दुख में डूबे हुए हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस भयावह कदम के पीछे की वजह क्या थी। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।