माहिरा शर्मा ने मोहम्मद सिराज संग रिश्ते पर कहा- ‘अफवाहें फैलाना बंद करें’

By: PalPal India News
March 23, 2025

टीवी एक्ट्रेस माहिरा शर्मा और क्रिकेटर मोहम्मद सिराज के अफेयर की खबरें पिछले कुछ महीनों से सुर्खियों में थीं। हालांकि, माहिरा ने अब इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। 21 मार्च को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने साफ शब्दों में लिखा, “अफवाहें फैलाना बंद करें, मैं किसी को डेट नहीं कर रही हूं।”

यह पोस्ट तब सामने आया जब माहिरा 20 मार्च को एक अवॉर्ड सेरेमनी में पहुंची थीं। इस दौरान पैपराजी ने उनसे आईपीएल 2024 और उनकी पसंदीदा टीम को लेकर सवाल किए। कुछ फोटोग्राफर्स ने मजाक में मोहम्मद सिराज के साथ उनके रिलेशनशिप को लेकर भी सवाल किए। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और अफवाहें और तेज हो गईं।

माहिरा के बाद मोहम्मद सिराज ने भी इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। 21 मार्च को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा, “मैं पैपराजी से अनुरोध करता हूं कि वे मुझसे जुड़े सवाल दूसरों से पूछना बंद करें। यह पूरी तरह गलत और आधारहीन है।”

माहिरा और सिराज के अफेयर की चर्चाएं तब शुरू हुईं जब रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दोनों के बीच करीबी दोस्ती है। ईटाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया कि वे रिलेशनशिप में हैं, लेकिन इसे प्राइवेट रखना चाहते हैं। इन अफवाहों को तब और बल मिला जब सिराज ने माहिरा की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक किया और दोनों ने एक-दूसरे को फॉलो किया।

यह पहली बार नहीं है जब माहिरा ने इन अफवाहों को खारिज किया है। इससे पहले भी एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “कुछ भी नहीं है, मैं किसी को डेट नहीं कर रही हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि फैंस अक्सर सेलेब्रिटीज को किसी के भी साथ जोड़ देते हैं, लेकिन वह ऐसी बातों को ज्यादा तवज्जो नहीं देतीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *