नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले का मुख्य आरोपी और भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ बेल्जियम के एंटवर्प में रह रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने वहां का ‘एफ रेजीडेंसी कार्ड’ हासिल कर लिया है, जिससे उसे बेल्जियम में रहने और यूरोप में घूमने की अनुमति मिल गई है। अब वह स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहा है।
पहले यह माना जा रहा था कि चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा में था, लेकिन नए खुलासे के बाद यह साफ हो गया कि उसने फर्जी दस्तावेजों और गलत जानकारी के जरिए बेल्जियम की नागरिकता प्राप्त की। भारत सरकार ने अब बेल्जियम से उसके प्रत्यर्पण की मांग की है, हालांकि भारतीय अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहुल चोकसी स्विट्जरलैंड के एक प्रसिद्ध कैंसर अस्पताल में इलाज कराने की योजना बना रहा है। वह भारत या एंटीगुआ की अपनी नागरिकता को छिपाकर बेल्जियम में शरण लेने में सफल रहा, ताकि प्रत्यर्पण से बचा जा सके।
मेहुल चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर ₹13,500 करोड़ के बैंक लोन घोटाले का आरोप है। नीरव मोदी फिलहाल लंदन की जेल में बंद है और भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ मुकदमा लड़ रहा है।