बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक परीक्षा हॉल के भीतर तेज आवाज में ‘चोली के पीछे क्या है’ गाना बजता सुनाई दे रहा है, जबकि छात्र गंभीर माहौल में परीक्षा देने में व्यस्त हैं।
यह मामला मंसूरचक प्रखंड के नैपुर बहरामपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है, जहां कक्षा 9 की परीक्षा के दौरान यह घटना घटी। परीक्षा के दौरान शांत वातावरण बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की होती है, लेकिन इस वायरल वीडियो ने शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना को लेकर प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अब यह देखना होगा कि इस चूक के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।