विशाखापत्तनम। आशुतोष शर्मा के नाबाद 66 रनों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने तीन गेंद शेष रहते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) पर एक विकेट से रोमांचक जीत हासिल की। 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पहले ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद टीम ने निरंतर अपना विकेट खोया।
एक समय 65 रन पर दिल्ली कैपिटल्स के आधे बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि, सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे आशुतोष शर्मा ने अकेले ही मैच का रुख बदल दिया। आशुतोष ने 66 (31) रनों की नाबाद ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने अपने तूफानी पारी में पांच गगनचुंबी छक्के और इतने ही चौके लगाए। उनके अलावा विपराज निगम 39 (15), ट्रिस्टन स्टब्स 34 (22), फाफ डु प्लेसिस 29 (18) और अक्षर पटेल 22 (11) ने भी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली।
एक समय था जब लग रहा था कि दिल्ली का यहां से मैच जीतना नामुमकिन है। लेकिन आशुतोष शर्मा ने हार नहीं मानी और अंत तक लड़ते रहे। 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की खराब शुरुआत हुई थी। जैक फ्रेजर मैकगर्क एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने अभिषेक पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद एम सिद्धार्थ ने समीर रिजवी को पंत के हाथों कैच कराया।
शुरुआती ओवरों में तीन विकेट गंवा चुकी दिल्ली कैपिटल्स को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अक्षर पटेल ने फाफ डु प्लेसिस के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी निभाई। कप्तान को दिग्वेश राठी ने निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदो में 22 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, डुप्लेसिस ने 29 रन बनाए।
इसके बाद मोर्चा ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने संभाला। दोनों ने दिल्ली की जीत की नींव रखी। स्टब्स 22 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए जबकि आशुतोष 66 रन बनाकर नाबाद रहे। वह अंत तक डटे रहे और मैच जिताऊ प्रदर्शन के साथ टीम की जीत सुनिश्चित की। उनके अलावा दिल्ली के लिए विपराज निगम ने 39, मिचेल स्टार्क ने दो, कुलदीप यादव ने पांच और मोहित शर्मा ने एक* रन बनाया। लखनऊ के लिए शार्दुल, सिद्धार्थ, दिग्वेश और बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए।