नागपुर. नागपुर में एक 27 वर्षीय महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी निहाल पाटिल (30) ने एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिला से दोस्ती की और शादी का वादा कर उसे अलग-अलग होटलों में बुलाया। इस दौरान उसने महिला के पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ जबरदस्ती की और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
पीड़िता और आरोपी की करीब एक साल पहले एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मुलाकात हुई थी। फोन पर बातचीत के बाद दोनों मिलने लगे और कई बार होटलों में भी गए। निहाल पाटिल ने महिला के माता-पिता से भी मुलाकात कर शादी की इच्छा जताई, जिससे महिला को उस पर भरोसा हो गया।
कोराडी इलाके के एक होटल में साथ समय बिताने के बाद दोनों मानकापुर के एक होटल में ठहरे, जहां आरोपी ने महिला के पेय में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के बेहोश होने पर उसने अश्लील वीडियो बना लिया। जब पीड़िता ने शादी की बात दोहराई, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट भी की।