पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड के एसी में शॉर्ट सर्किट हो गया. इससे वार्ड से गुजरी ऑक्सीजन की लाइन में फॉल्ट हो गया. तेज धमाका होने के बाद एसएनसीयू वार्ड में अफरातफरी मच गई. स्टाफ नर्स ने वार्ड में भर्ती बच्चों को दूसरी यूनिट में शिफ्ट किया. स्टाफ नर्स की सूझबूझ से वार्ड में भर्ती सभी 8 नवजात सुरक्षित हैं. नवजातों को दूसरी यूनिट में शिफ्ट कराया गया है. मामले की जांच जारी है.
स्टाफ नर्स ने दिखाई फुर्ती
बता दें कि अशोकनगर जिला अस्पताल में सूत्रों के अनुसार वार्ड में मौजूद स्टाफ नर्स ने जैसे ही एसी में फॉल्ट होते देखा. साथ ही ऑक्सीजन लाइन में भी स्पार्किंग देखी तो अफरातफरी मच गई. स्टाफ नर्स ने वार्ड में भर्ती बच्चों को तुरंत ही दूसरे यूनिट में शिफ्ट कर दिया.
सिविल सर्जन डॉ. डीके भार्गव ने बताया “डीपी में लोड घटने और बढ़ने से इस तरह की परेशानियां आ रही हैं. रात में भी इसी तरह डायलिसिस यूनिट में फॉल्ट हुआ था. इस कारण वहां का स्टेबलाइजर भी जल गया.”
बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप
सिविल सर्जन ने बताया कि इसके बाद अब दूसरी घटना SNCU में सामने आई है. इस मामले में बिजली कंपनी के अधिकारियों को पहले भी अवगत करा चुके हैं. मामले की जानकारी लगने के बाद जिला अस्पताल में एसडीएम बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव भी पहुंचे. एसडीएम ने इस मामले की जांच करने की बात कही. बता दें कि अशोकनगर जिला अस्पताल में बिजली की वायरिंग खस्ताहाल है. इसे तुरंत ठीक करवाने की जरूरत है. इसके साथ ही डीपी पर लोड कम करवाना चाहिए.