मुंबई. महाराष्ट्र के सांगली जिले के शिराला तालुका के मंगले गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर शव को इलेक्ट्रिक पंप बॉक्स में ठूंस दिया। 28 वर्षीय प्राजक्ता मंगेश कांबले की हत्या उसके पति मंगेश चंद्रकांत कांबले ने कर दी। वारदात के बाद मंगेश ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
क्यों किया मर्डर- प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगेश का भाई नीलेश और उसकी मां पिछले 15 वर्षों से मंगले-वारनानगर रोड पर किराए के मकान में रह रहे थे। चार दिन पहले मंगेश, उसकी पत्नी प्राजक्ता और उनके दो बच्चे – छह वर्षीय शिवम और तीन वर्षीय शिवन्या – मुंबई से मां और भाई के पास आए थे। शनिवार सुबह, पूरा परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होने देववाड़ी गया था। वहीं, नीलेश और प्राजक्ता के बीच किसी बात पर बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मंगेश ने गुस्से में आकर पत्नी प्राजक्ता की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद, मंगेश ने शव के टुकड़े किए और उसे इलेक्ट्रिक पंप बॉक्स में डालकर ढक दिया। इसके बाद, उसने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और अपने भाई नीलेश को फोन कर बताया कि वह शिराला जा रहा है।
मंगेश जब हत्या के बाद भाई की कार लेकर शिराला रवाना हो गया, तो उसका छह वर्षीय बेटा शिवम दरवाजे पर रोने लगा। नीलेश ने जब उससे कारण पूछा, तो शिवम ने कहा कि पापा और मम्मी का झगड़ा हुआ था, पापा ने मम्मी को पीटा और फिर उसे कमरे में ले गए। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।