ग्रेटर नोएडा के गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, बालकनी से निकल-निकल कूदी लड़कियां, वीडियो आया सामने

By: PalPal India News
March 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिग्रेटर नोएडा के अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार शाम एसी ब्लास्ट से आग लग गई. हादसे के वक्त हॉस्टल में मौजूद लड़कियों ने कूदकर जान बचाई. देखें वीडियो.

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 इलाके में स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह आग हॉस्टल में लगे एसी में हुए ब्लास्ट के कारण लगी और कुछ ही देर में तेजी से फैल गई. हादसे के समय हॉस्टल में कुछ लड़कियां मौजूद थीं, जिन्होंने किसी तरह खुद को बाहर निकालकर जान बचाई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया. इस हादसे से इलाके में दहशत फैल गई और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

एक छात्रा कूदते वक्त गिरी

घटना के दौरान दो छात्राएं हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर फंस गईं. स्थानीय लोगों ने सीढ़ी के सहारे उन्हें नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन उतरते समय कूदने के कारण एक छात्रा गिर गई. फायर विभाग के मुताबिक, उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है. छात्रों के आग से बचने के लिए नीचे उतरने की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया, ‘कल शाम करीब 5 बजे हमें सूचना मिली कि नॉलेज पार्क-3 स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में आग लगी है. हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हमारे एफएसओ भी घटनास्थल पर मौजूद थे. कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन हमारे पहुंचने से पहले ही सभी सुरक्षित बाहर निकल चुके थे. इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *