लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के घर पर हुए हमले को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने 30 साल पुरानी घटना का जिक्र करते हुए अखिलेश से पश्चाताप करने की मांग की।
मायावती ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दो पोस्ट किए। पहली पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आगरा की घटना के साथ-साथ अखिलेश यादव को 2 जून 1995 के लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड में सपा द्वारा मुझ पर किए गए जानलेवा हमले को भी याद करना चाहिए और इसका पश्चाताप जरूर करना चाहिए।”
दूसरी पोस्ट में उन्होंने आगरा की घटना पर सपा को घेरा और कहा, “आगरा घटना की आड़ में सपा को अपनी राजनीतिक रोटी सेंकना बंद करना चाहिए। दलितों का उत्पीड़न और ज्यादा न कराया जाए।”
मायावती का सपा पर बड़ा आरोप- इससे पहले गुरुवार को भी मायावती ने इस मुद्दे पर सपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “सपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए अपने दलित नेताओं को आगे करके जो घिनौनी राजनीति कर रही है, वह उचित नहीं। दलितों को इन हथकंडों से सावधान रहना चाहिए। आगरा की घटना अति चिंताजनक है।”
उन्होंने आगे कहा, “सपा को अपने स्वार्थ में किसी भी समुदाय का अपमान करने से बचना चाहिए। अब इन्हें किसी समुदाय में दुर्गंध और किसी में सुगंध आ रही है, जिससे समाज में सौहार्द बिगड़ सकता है, जो ठीक नहीं है।” गौरतलब है कि बुधवार को आगरा में दक्षिणपंथी संगठन से जुड़े लोगों ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के घर पर हमला किया था। उन पर राणा सांगा को लेकर विवादित बयान देने का आरोप लगा था।