भावना हत्या काण्ड: पुलिस ने किया पर्दाफाश, शराब पार्टी के दौरान बहस के बाद भावना की मुकुल ने की थी हत्या

By: PalPal India News
March 29, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिइंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में हुए भावना सिंह हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तीनों आरोपी हिमाचल प्रदेश से नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन ग्वालियर बायपास पर पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में आशू यादव, मुकुल यादव और स्वस्ति राय शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोपी सट्टेबाजी का कारोबार भी चला रहे थे। शराब पार्टी के दौरान बहस के बाद मुकुल ने भावना की हत्या कर दी। इसके बाद सभी नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें ग्वालियर से पकड़ लिया। पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। ये आरोपी न सिर्फ भावना की हत्या के जिम्मेदार हैं, बल्कि पूरे भारत में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क भी चला रहे थे।

शराब पार्टी के दौरान हत्या

घटना की रात महालक्ष्मी नगर के एक फ्लैट में ये सभी एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान किसी बात पर भावना और मुकुल में बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में मुकुल ने पिस्तौल निकाल ली और भावना पर फायर कर दिया। गोली सीधे भावना के सिर में जा लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पूरे देश में चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि ये आरोपी ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एप के जरिए पूरे भारत में अवैध सट्टे का कारोबार चला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 28 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 50 से अधिक बैंक खातों की जानकारी, एटीएम कार्ड और लाखों रुपए के हिसाब-किताब बरामद किए हैं।

नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस

पुलिस ने वह पिस्तौल भी बरामद कर ली है, जिससे भावना की हत्या हुई। इसके साथ बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किए हैं। अब पुलिस आरोपियों से यह भी पूछताछ कर रही है कि सट्टे के इस बड़े रैकेट में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *