महाराष्ट्र दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी, नागपुर एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

By: PalPal India News
March 30, 2025

नागपुर.  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर पहुंचे। सुबह करीब 9 बजे वह नागपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनका भव्य स्वागत किया।

पीएम मोदी ने अपनी यात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्मृति मंदिर से की। इसके बाद, वह दीक्षाभूमि पहुंचे और फिर माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की आधारशिला रखी। साथ ही, उन्होंने सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड के गोला-बारूद संयंत्र का भी दौरा किया। पीएम मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने दौरे की जानकारी साझा करते हुए कहा, “मैं 30 मार्च को महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। नागपुर पहुंचकर मैं स्मृति मंदिर और दीक्षाभूमि जाऊंगा। इसके बाद माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की आधारशिला रखूंगा और सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड की गोला-बारूद सुविधा का दौरा करूंगा।”

पीएम मोदी का आगे का कार्यक्रम- 12:30 बजे: पीएम मोदी नागपुर में सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड की लोइटरिंग म्यूनिशन परीक्षण रेंज और अनआर्म्ड एरियल व्हीकल्स (UAV) के लिए हवाई पट्टी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में वह 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें बिजली, तेल एवं गैस, रेल, सड़क, शिक्षा और आवास क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति देने और महत्वपूर्ण योजनाओं के शुभारंभ के लिए बेहद खास मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *