सलकनपुर देवी धाम मंदिर के रोपवे की ट्रॉली की छत पर बैठकर किया दो युवकों ने सफर

By: PalPal India News
April 2, 2025

सीहोर। सीहोर जिले के सलकनपुर स्थित मां बिजासन मंदिर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक रोपवे की ट्रॉली की छत पर बैठकर सफर करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। बिना किसी सुरक्षा उपायों के ट्रॉली की छत पर बैठे इन युवकों के साथ कोई भी दुर्घटना हो सकती थी।

नवरात्रि के दौरान इस मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे रोपवे में भी काफी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर और रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यह वीडियो X (पूर्व में ट्विटर) पर @uffyeh1 नामक हैंडल से साझा किया गया था।

वीडियो के वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और रोपवे संचालक से पूछताछ की। जांच में पता चला कि ट्रॉली की छत पर बैठे दोनों युवक रोपवे के कर्मचारी थे और वे रूटीन चेकिंग कर रहे थे। हालांकि, इस दौरान उन्होंने किसी भी तरह के सुरक्षा उपकरणों का उपयोग नहीं किया था, जो गंभीर लापरवाही है। इस घटना के बाद पुलिस ने रोपवे संचालक को सख्त चेतावनी दी और निर्देश दिया कि भविष्य में कोई भी कर्मचारी बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के ट्रॉली पर न बैठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *