पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गुजरात के बनासकांठा स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे में मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रूपए और घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को समन्वय के लिए दुर्घटना स्थल पर (बनासकांठा) भेजा गया है। उन्होंने कहा है कि संकट की इस दु:खद घड़ी में हमारी सरकार सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। पीड़ितों को हर जरूरी मदद मुहैया कराई जाएगी।
मामला बनासकांठा के डीसा जीआईडीसी में आतिशबाजी के गोदाम का है, जहां अचानक आज दोपहर में आग लग गई, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारण फैक्ट्री का स्लैब भी टूट कर गिर गया, जिसके कारण बचाव काम में बाधा पैदा हो गई और थोड़ी देर के लिए घटना स्थल पर अफरा-तफरी का महौल बन गया। पुलिस सहित प्रशासनिक कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर है। अंदाजा लगाया जा रहा कि आग संभवतः जल तापन बॉयलर विस्फोट के कारण लगी है। इस घटना में 17 लोगों की दर्दनाक तरीके से जिंदा जलकर मौत हो गई है। वहीं, आग लगने की सूचना पाकर फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके अलावा, कई मजदूर अभी घायल बताए जा रहे, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है।