फरीदाबाद। देशभर में सूटकेश में लाश मिलना अब आम बात हो गई है. लगातार मर्डर के बाद सूटकेश में शव डालकर हत्यारे फेंक देते हैं. अब ताजा मामला हरियाणा के फरीदाबाद का है. यहां पर लाल रंग के सूटकेश में एक लाश बरामद की गई है. घटना के बाद हड़कंप मच गया. फिलहाल, युवती की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है.
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के के मवई गांव में युवती की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया. युवती की उम्र लगभग 25-30 साल बताई जा रही है. शव अर्धनग्न अवस्था में और सड़ी-गली हालत में मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह 6-7 दिन पुराना हो सकता है.
पुलिस के अनुसार, शव को कहीं और मारकर यहां फेंका गया है. युवती के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसे पहले एक बोरे में और फिर एक लाल रंग के सूटकेश में पैक कर नहर के किनारे फेंका गया था. युवती का सिर कटा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के इलाकों से संपर्क कर रही है, ताकि किसी थाने में युवती के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज हो सके. पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द ही खुलासा हो सकता है.डीसीपी सेंट्रल फरीदाबाद ऊषा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि मर्डर का यह मामला है. उन्होंने कहा कि रेड कलर के सूटकेश में बॉडी को डाला गया है. शव को कब्जे में ले लिया है. शुरुआती जांच में लग रहा है कि किसी करीबी ने ही मर्डर किया है. डीसीपी ने बताया कि पूरे बदन पर कपड़े नहीं थे और केवल अंडरगार्मेंट भी थे.