पलपल इंडिया प्रतिनिधि। अयोध्या रामनगरी में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने ठेला लगाने वालों पर जमकर लाठियां बरसा दी । अयोध्या में रामपथ क्षीरेश्वर नाथ मंदिर के सामने हुई इस कार्रवाई में उन्होंने वहां सामान बेच रही महिला को थप्पड़ भी मार दिया।
आपको बता दे रामनगरी अयोध्या में रामपथ के किनारे बने फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों की अब खैर नहीं। अयोध्या नगर निगम के प्रवर्तन दल ने यहां ठेले लगाने वालों को डंडा लेकर दौड़ाया ही नहीं, बल्कि उन्होंने रामपथ पर सामान बेच रही महिला को थप्पड़ भी मारा। बता दें कि नगर निगम का प्रवर्तन दल व स्थानीय पुलिस रामनवमी मेले को लेकर राम पथ को खाली करवा रही है। इसके तहत अयोध्या धाम के क्षीरेश्वर नाथ मंदिर के सामने यह कार्रवाई की गई है।
6 महीने पहले भी अयोध्या नगर निगम ने रामपथ के किनारे बने फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया था। तब उन्होंने फुटपाथ पर खड़ी मोटरसाइकिलों का भी चालान काट दिया था। वाहन मालिकों से 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया था। सहादतगंज से लता चौक तक बने 13 किलोमीटर रामपथ के किनारे बने फुटपाथ को खाली करवाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया था। इससे पहले प्रशासन लगातार लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिये चेतावनी दे रहा था। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन लिया।