पानी की बोतल छूने पर शिक्षक ने दलित बच्चे को इतनी पीटा कि टूट गईं हाथ की दो अंगुलियां, फिर छात्र को धमकी देते हुए कहा “जो करना कर ले

By: PalPal India News
April 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक शिक्षक ने छड़ी से बच्चे को इतना पीटा कि उसके हाथ की दो अंगुलियां टूट गईं। इतना ही नही धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने शिकायत की तो उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा।

दरअसल मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम हरिपुर कैथोली स्कूल में एक शिक्षक ने दलित छात्र को पीट-पीट कर उसके हाथ की दो अंगुलियां तोड़ दीं। बच्चे की गलती बस इतनी थी कि उसने शिक्षक की पानी की बोतल को हाथ लगा दिया था। आरोपी शिक्षक ने स्कूल में ही बेरहमी से छात्र को छड़ी लेकर पीटा। घटना के बाद पीड़ित छात्र अपनी फरियाद लेकर परिजनों के साथ एसपी दफ्तर पहुंचा। छात्र ने एसपी से दबंग शिक्षक मंगल सिंह शाक्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि पिटाई के बाद दबंग शिक्षक ने दलित छात्र को धमकी देते हुए कहा “जो करना कर ले।” शिक्षक ने दलित छात्र के लिए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर उसे अपमानित किया और धमकाते हुए कहा कि अगर शिकायत की तो अंजाम भुगतना पड़ेगा।

दलित छात्र थाना किशनी क्षेत्र के नरेंद्र प्रताप सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ता है। उसने किशनी थाने में शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन किशनी पुलिस ने दबंग शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इससे नाराज छात्र के परिजनों ने एसपी को शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। एसपी ने पीड़ित छात्र के परिजनों को आश्वासन दिया कि जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *