सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर, परिवार से आठ लाख रुपये की ठगी करने के जुर्म में फसां सैन्य अधिकारी

By: PalPal India News
April 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिखुद को सैन्य अधिकारी बता सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली में एक परिवार से आठ लाख रुपये से अधिक की ठगी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित सिंह (28) के रूप में की गई है, जो दिल्ली के उत्तम नगर इलाके का निवासी है। उन्होंने कहा कि सुमित लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लेफ्टिनेंट कर्नल की वर्दी पहननता था, फर्जी बैज एवं रबड़ की मुहर का इस्तेमाल करता था तथा उसने सेना के फर्जी दस्तावेज भी बनवा रखे थे।

पुलिस के मुताबिक, सुमित दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की धोखाधड़ी के कई मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ में बलात्कार और धोखाधड़ी, जबकि हरदोई में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जौनपुर के मूल निवासी सुमित ने कथित तौर पर कैंटीन का कार्ड खरीदा था और उसने रक्षा मंत्रालय के तहत फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किए थे।

सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (एएफटी) में कानूनी पद दिलाने का वादा

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “30 साल की एक महिला वकील की शिकायत के आधार पर गुलाबी बाग पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुमित ने जुलाई 2024 में खुद को एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के रूप में पेश किया और उसे सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (एएफटी) में कानूनी पद दिलाने का वादा किया।” अधिकारी के अनुसार, महिला वकील ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि सुमित ने बाद में उसके भाई और पिता को भी इसी तरह की नौकरी की पेशकश की और भर्ती से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर उनसे मोटी रकम ऐंठी।

आठ लाख रुपये से अधिक की धनराशि ली

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने आवेदन शुल्क, मेस शुल्क, वर्दी किट और अन्य खर्चों के नाम पर पीड़िता और उसके परिवार से कथित तौर पर आठ लाख रुपये से अधिक की धनराशि हासिल की। उन्होंने बताया कि आरोपी ने झूठे बहाने बनाकर शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 1.6 लाख रुपये का मोबाइल फोन भी लिया। अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि सुमित ने फर्जी नियुक्ति पत्र बनाए, गलत पहचान का इस्तेमाल किया और यहां तक ​​कि शिकायतकर्ता पर उससे शादी करने का दबाव भी डाला। उन्होंने कहा, “धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ितों ने उसके दावों का सत्यापन किया और उसकी ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में विसंगतियां पाईं।”

सुमित ने किया अपराध कबूल

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने सुमित को बिंदापुर में किराये के एक मकान से ढूंढ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने दावा किया कि सुमित ने पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है। अधिकारी के अनुसार, सुमित के पास से भारतीय सेना की रबड़ की दो फर्जी मुहर, लेफ्टिनेंट कर्नल स्तर के अधिकारी के चार बैज और एक वर्दी, एक कैंटीन कार्ड, तीन फर्जी नियुक्ति पत्र और ठगी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *