कटनी जीआरपी थाना के सामने अचानक फांसी के फंदे पर झूला युवक, मचा हड़कंप

By: PalPal India News
November 6, 2023

palpalindianews/katni

कटनी /जबलपुर कटनी रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार व जीआरपी थाना के एकदम सामने रविवार को एक युवक अचानक से छत के रास्ते से आया और गमछे से फांसी के फंदे पर झूल गया. जिससे हड़कंप की स्थिति बन गई. आटो चालक व जीआरपी के जवान दौड़े और युवक को नीचे उठाते हुए फंदे को काटकर युवक को नीचे उतारा. युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है. युवक छत में कहां से पहुंचा और आत्महत्या क्यों कर रहा था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.

कटनी स्टेशन के मुख्य द्वार व जीआरपी थाना के सामने रविवार को 3.30 बजे के लगभग एकदम से टीन से कोई वस्तु के टकराने की आवाज आई. जीआरपी के जवान व आटो चालकों ने देखा कि गेट के ऊपर लगे एंगल से एक युवक गमछे के बने फंदे से लटक गया है. एकदम से युवक के फांसी में लटक जाने से गेट से निकल रहे यात्रियों में हड़कंप मच गई.

आटो चालकों व जीआरपी के जवानों ने युवक को फंंदे पर लटका देखकर बिना किसी देरी के उसके पैर पकड़े और ऊपर की ओर उठा दिया. साथ ही कैची से फंदा काटकर युवक को नीचे उतारा. साथ ही उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत ठीक है. युवक के पास से मिले आधारकार्ड के आधार पर उसका नाम कार्तिक पिता नाताबार महिष्यादास 46 वर्ष निवासी राजरहट गोपालपुर नार्थ 24 परगना वेस्ट बंगाल बताया जा रहा है.
रेलवे स्टेशन के आसपास के लोगों ने बताया कि युवक पिछले कई दिनों से स्टेशन के पास ही घूमता रहता था. वहीं युवक ने पूछताछ में बताया कि वह बंगाल का रहने वाला है और मकान में छत ढालने का काम करता है. युवक की भाषा ठीक से समझ न आने के कारण उसके आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है. युवक ने कुछ लोगों से परेशान होने की बात कही. हालांकि जीआरपी का कहना है कि युवक ऐसा क्यों कर रहा था, यह जानकारी नहीं लग पा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *